:- लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल और मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे शिक्षक, कर्मचारी व प्रबंधन संगठन
देहरादून, 27 अक्टूबर। उत्तराखंड में अशासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की लंबित समस्याओं और सरकार तथा शिक्षा विभाग के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये के खिलाफ प्रबंधन, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और अभिभावक संगठन एकजुट हो गए हैं। मंगलवार को देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स में आयोजित संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से संयुक्त मोर्चे का गठन किया गया। मोर्चे ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और विभाग ने लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं किया तो धरना-प्रदर्शन, भूख हड़ताल के साथ सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास कूच जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
शाम चार बजे शुरू हुई बैठक की अध्यक्षता सर्वसम्मति से एडवोकेट संजीव विरमानी ने की। बैठक में अशासकीय शिक्षण संस्थानों से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
सभी संगठनों के अध्यक्ष बने संयोजक, महामंत्रियों को सह-संयोजक की जिम्मेदारी
बैठक में संयुक्त मोर्चे की संगठनात्मक व्यवस्था भी तय की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित संगठनों के अध्यक्ष संयुक्त मोर्चे के संयोजक तथा महामंत्री सह-संयोजक होंगे। मोर्चा अशासकीय शिक्षण संस्थानों की लंबित मांगों को सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष उठाएगा।
नियुक्तियों, पद सृजन और वेतन अनुदान सहित कई मांगें
बैठक में अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां, मान्यता प्राप्त विषयों में पद सृजन, वेतन अनुदान, प्रधानाचार्यों की नियुक्ति एवं पदोन्नति, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति तथा शिक्षकों और कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा अशासकीय महाविद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने, शोध प्रोत्साहन योजना लागू करने, छात्र संख्या बढ़ने पर पद स्वीकृत करने तथा संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित मांगों के निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त मोर्चे ने स्पष्ट किया कि सरकार और विभाग को इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाने होंगे। मांगों की अनदेखी जारी रहने पर सभी संगठन संयुक्त रूप से आंदोलन करेंगे।
बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रबंधक एसोसिएशन के संरक्षक चंद्रमोहन सिंह पयाल, संजीव विरमानी, सुनील अग्रवाल, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठानी, देहरादून जिलाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, जिलामंत्री महाबीर सिंह मेहता, गिरीश सेमवाल, अशासकीय शिक्षणेत्तर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष बीडी सेमवाल, डॉ. संजय कुमार, हर्षपाल सिंह चंद, किशन सिंह रावत, यतीन्द्र नवानी, शोभित मांगलिक, सुबा सिंह, डॉ. शैलेन्द्र डंगवाल, मनीषा भंडारी, लोकेश बहुगुणा और राजेंद्र ग्वाड़ी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन बन्नू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश चंद्र शर्मा ने किया।