कैनाल रोड हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत, कार चालक समेत दो गिरफ्तार

बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर, एक महिला की उपचार के दौरान मौत; दूसरी का अस्पताल में इलाज जारी

देहरादून, 22 अगस्त। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां UP14DE 0052 नंबर की आई-20 कार, स्कूटी UK07AD 5929 और मोटरसाइकिल UK02BO 7044 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़े स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार महिलाओं को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर तथा उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लगे, जिसके कारण कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई।

हादसे में घायल नैना राजपूत (26), पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, की मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर लिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की गहन जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *