यूजेवीएनएल कर्मियों को सिखाई गई जीवन बचाने की तकनीक

:- बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं प्राथमिक उपचार पर कैलाश हॉस्पिटल ने आयोजित की एक दिवसीय कार्यशाला, मैनिकिन पर कराया व्यावहारिक प्रशिक्षण

देहरादून। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड में बेसिक लाइफ सपोर्ट (Basic Life Support-BLS) एवं प्राथमिक उपचार विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में यूजेवीएन लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दुर्घटना अथवा चिकित्सकीय आपात स्थिति में जीवनरक्षक तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट का परिचय देने के साथ ही बीएलएस तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मैनिकिन (पुतले) पर प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना, बिजली का करंट लगने, गले में वस्तु फंसने (चोकिंग) और डूबने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार तथा जीवनरक्षक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, त्वरित राहत और अन्य आवश्यक जीवनरक्षक उपायों के संबंध में भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। इसके साथ ही कार्यशाला में प्रतिभागियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी दुर्घटना के तुरंत बाद का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सही जानकारी और उचित तकनीक के साथ प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए तो जनहानि एवं गंभीर क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आकस्मिक दुर्घटनाओं की स्थिति में आवश्यक बचाव तकनीकों से परिचित कराना तथा उनमें जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे प्रभावी ढंग से सहायता प्रदान कर सकें।

कैलाश हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अमिषा वत्स के नेतृत्व में श्रद्धा जोशी, रोहन बिष्ट, समीर बहुखंडी एवं सुदीप सुन्दरियाल ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास भी कराया।

कार्यशाला में यूजेवीएन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार चौहान, सहायक अभियंता भूपेश पांगती, शमशेर सिंह, देवेन्द्र नौटियाल, सीमा, सुधीर कुमार सहित निगम के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *