:- अंत्येष्टि से लौट रहे थे सभी यात्री, घर पहुंचने से पहले ही काल का कहर, दुर्गम क्षेत्र में SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। चंबा-कोटी रोड पर नैल के पास एक पिकअप (मैक्स) वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौत बनकर लौटी सफर की वापसी
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार से अपने एक परिजन के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। घर पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के गांव में मातम पसरा हुआ है।
दुर्गम खाई में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ टीम ने उप निरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला।
घायल दोनों व्यक्तियों को तत्काल जिला अस्पताल टिहरी में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कारणों की पड़ताल जारी
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन तकनीकी खराबी और मानवीय चूक के पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।