तपोवन में भू-तापीय ऊर्जा परियोजना को मिली रफ्तार, उच्च स्तरीय समिति गठित

: तकनीकी व वित्तीय व्यवहार्यता का होगा अध्ययन, उत्तराखंड को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में मिलेगी नई पहचान

देहरादून। उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल ) ने चमोली जनपद के तपोवन क्षेत्र में भू-तापीय ऊर्जा (जियो थर्मल एनर्जी) परियोजना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति परियोजना की तकनीकी, वित्तीय और वाणिज्यिक व्यवहार्यता का विस्तृत अध्ययन कर इसके चरणबद्ध विकास की कार्ययोजना तैयार करेगी।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि गठित समिति विभिन्न विभागों, अनुसंधान संस्थानों और विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भू-तापीय ऊर्जा संसाधनों की अपार संभावनाएं हैं और उनका वैज्ञानिक एवं सतत उपयोग राज्य की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। भू-तापीय ऊर्जा एक स्वच्छ, विश्वसनीय तथा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाला नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत है, जिससे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी।

अजय कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, सेवा क्षेत्र और निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना भविष्य में हरित हाइड्रोजन, जिला ताप प्रणाली (डिस्ट्रिक्ट हीटिंग), कृषि प्रसंस्करण तथा अन्य औद्योगिक उपयोगों के लिए भी नई संभावनाएं खोलेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा हरित ऊर्जा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नवीकरणीय एवं वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तपोवन में भू-तापीय ऊर्जा परियोजना के सफल विकास से उत्तराखंड ऊर्जा आत्मनिर्भरता, हरित विकास और सतत आर्थिक प्रगति की दिशा में नया अध्याय लिखेगा तथा देश के अग्रणी हरित ऊर्जा राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *