उत्तरकाशी में बनेगा श्री विश्वनाथ कॉरिडोर, मुख्यमंत्री धामी ने की सार्वजनिक घोषणा

:- श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति की मांग पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान; घोषणा से समिति और स्थानीय लोगों में हर्ष
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में प्रस्तावित श्री विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण को लेकर लंबे समय से चल रहे प्रयासों को आज महत्वपूर्ण सफलता मिली। भारतवर्ष के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने उत्तरकाशी में श्री विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण की सार्वजनिक घोषणा की।

मुख्यमंत्री के उत्तरकाशी आगमन पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर कॉरिडोर निर्माण के संबंध में मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने मांग का संज्ञान लेते हुए आयोजित कार्यक्रम के मंच से कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की।

एक वर्ष से चल रहे थे प्रयास
श्री विश्वनाथ कॉरिडोर को लेकर विगत वर्ष के प्रथम माह से ही मंथन और विचार-विमर्श चल रहा था। इस संबंध में श्री प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी उत्तरकाशी एवं पर्यटन अधिकारी से भेंट कर पत्र दिया गया था। जिलाधिकारी एवं पर्यटन अधिकारी की ओर से सकारात्मक पहल करते हुए शासन को पत्र प्रेषित किया गया।

इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री उत्तरकाशी श्री सौरभ बहुगुणा से भी भेंट कर मांग पत्र दिया गया। विगत माह के अंतिम सप्ताह में उत्तरकाशी में उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन जी के आगमन के दौरान तथा उत्तरकाशी निवासी अपर सचिव पर्यटन श्री नरेंद्र सिंह भंडारी जी से भी कॉरिडोर के संबंध में चर्चा की गई। काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त श्री अजय पुरी जी द्वारा उन्हें इस संबंध में पत्र भी दिया गया।

पौराणिक स्वरूप के साथ आधुनिक विकास की उम्मीद
समिति के अनुसार स्कंद पुराण तथा केदार खण्ड में सौम्यकाशी उत्तरकाशी और यहां अवस्थित मंदिरों का वर्णन मिलता है। समिति का कहना है कि कॉरिडोर बनने से उत्तरकाशी को उसकी पौराणिक महत्ता एवं स्वरूप के साथ-साथ प्राचीनता और आधुनिकता के समन्वित स्वरूप में विकसित होने का अवसर मिलेगा।

कॉरिडोर की परिकल्पना के तहत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने और श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने की मांग लंबे समय से रखी जा रही थी। समिति ने मुख्यमंत्री की घोषणा के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

इन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का जताया आभार
श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, विधायक गंगोत्री श्री सुरेश चौहान जी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री नागेन्द्र चौहान जी, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक श्री किशोर भट्ट जी, राज्य मंत्री श्री प्रताप सिंह पंवार जी, उत्तराखंड राज्य चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष माननीय डॉ जनानंद नौटियाल जी तथा उत्तरकाशी के जन प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त अजय पुरी, समिति के कोषाध्यक्ष एवं श्री परशुराम मंदिर के पुजारी शैलेन्द्र नौटियाल, गंगोत्री रावल पं. अशोक सेमवाल, समिति के सचिव जगमोहन चौहान, सह कोषाध्यक्ष रमेश पंवार तथा सदस्य केदार सिंह चौहान उपस्थित रहे।

समिति ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा से कॉरिडोर समिति तथा उत्तरकाशी के लोगों में हर्ष की लहर है और इस पुनीत कार्य के लिए मुख्यमंत्री सहित सभी सहयोगी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *