देहरादून: राजपुर क्षेत्र में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने किशोरी को गोद लिया हुआ था, वह उसी के साथ रहती थी। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म में मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने बताया कि महिला ने थाने में तहरीर दी कि किशोरी उनके घर में सालभर से दत्तक पुत्री की तरह रहती है। कुछ दिनों से वह गुमशुम थी। 21 सितंबर को पूछने पर किशोरी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व वह घर में अकेली थी। तभी विनोद बिष्ट उनके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने धमकी दी कि दुष्कर्म की बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा। थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।