:- ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की विभिन्न रोगों की जांच, स्वास्थ्य जागरूकता का भी दिया संदेश
टिहरी गढ़वाल, 10 जुलाई। प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड देवप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कान, नाक एवं गला (ईएनटी), फिजिशियन, महिला स्वास्थ्य, नेत्र रोग सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड सहित आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए तथा मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जागरूक किया।
शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं।