:- ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पहल के तहत स्वास्थ्य, योजनाओं और जनसेवाओं का एक ही स्थान पर लाभ; 173 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 38 आभा आईडी बनीं
देहरादून, 13 जुलाई। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी स्थित जेपी प्लाजा में रविवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारम्भ धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य आम जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। इसके तहत लगभग 23 सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाए और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान कीं।
स्वास्थ्य विभाग की विशेष भूमिका
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, क्षय रोग (टीबी) निवारण कार्यक्रम के तहत मरीजों के डिजिटल एक्स-रे और आवश्यक लैब जांचें निःशुल्क कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में कुल 173 लोगों की स्वास्थ्य जांच, उपचार और एनसीडी (NCD) स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 76 पुरुष और 97 महिलाएं शामिल रहीं। डिजिटल हेल्थ मिशन को बढ़ावा देते हुए मौके पर 38 नागरिकों की आभा आईडी (ABHA ID) बनाई गई, जबकि 25 मरीजों की आवश्यक रक्त जांचें भी की गईं।
विधायक ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि सरकार की यह पहल अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और सेवाएं सीधे उनके द्वार तक पहुंचती हैं।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कारगी के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकत्रियां भी मौजूद रहीं। स्थानीय लोगों ने सभी विभागों द्वारा दी गई सेवाओं और शिविर की व्यवस्था की सराहना की।