टिहरी जिले के गूलर (मुनिकीरेती) में बड़ा बस हादसा: खाई में गिरी बदरीनाथ जा रही बस, 8 यात्रियों की मौत, 20 घायल

– हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी बस, मुनिकीरेती पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें रेस्क्यू में जुटीं; राहत एवं बचाव अभियान जारी

टिहरी/मुनिकीरेती। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को बस हादसे की सूचना मिली। बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी, चौकी ब्यासी सहित अन्य चौकियों का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।

पुलिस के साथ एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गईं। अब तक 20 घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा चुका है। वहीं, चार मृतकों के शव भी खाई से निकाले जा चुके हैं।

क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उच्चाधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

टिहरी पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में हताहत लोगों की संख्या और अन्य विवरण के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *