– फार्मेसी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट संकाय के विद्यार्थियों ने विभिन्न पदों के लिए दिए साक्षात्कार, करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलीं
देहरादून, 18 नवंबर। विद्यार्थियों को व्यावसायिक जगत से जोड़ने और उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीडी कॉलेज, निंबूवाला, गढ़ी कैंट में पाथकाइंड लैब्स के लिए प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के श्री विजय बिड़लान एवं श्री रोशन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस ड्राइव में फार्मेसी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एमएलटी) एवं मैनेजमेंट संकाय के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान विद्यार्थियों ने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, बिजनेस डेवलपमेंट एसोसिएट, कस्टमर सर्विस, एचआर एवं एडमिन तथा सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी, प्रभावशाली संवाद कौशल और भविष्य में बेहतर करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। साथ ही उन्हें उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन के लिए पाथकाइंड लैब्स की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाते रहेंगे।