:- ज्योति रौतेला के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी के बाद डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन; दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
देहरादून, 1 अक्टूबर। आशारोड़ी-मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों के खिलाफ उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि आशारोड़ी-मोहब्बेवाला मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसे गंभीर चिंता का विषय हैं। यह देहरादून को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में लगातार हो रही दुर्घटनाएं आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल हैं।
उन्होंने कहा कि हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार और प्रशासन को ठोस, प्रभावी और स्थायी कदम उठाने चाहिए। दुर्घटनाओं के कारणों को चिन्हित कर उनका समाधान किया जाना जरूरी है। महिला कांग्रेस जनता की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जनता की जान से खिलवाड़ बंद करो” और “सड़क हादसों पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया और पुतला दहन किया।
महिला कांग्रेस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आशारोड़ी-मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर रोक लगाने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्योति रौतेला ने कहा कि “जनता की जान सबसे महत्वपूर्ण है। सड़क हादसों को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जब तक आम जनता को सुरक्षित आवागमन का भरोसा नहीं मिलता, तब तक महिला कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।”
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति सरकार और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा और हादसों की रोकथाम के लिए समयबद्ध तरीके से ठोस समाधान सुनिश्चित करना होगा।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में अनीता सकलानी, नंदिता गढ़िया, सीमा, ममता, विजया, अनुराधा, बबीता, आयुष गुप्ता, फारूक राव, गौरव रावत, नरेश सकलानी, दीपक भंडारी, अभिषेक जुयाल, जावेद मलिक, अब्दुल समद, मनीष रघुवंशी, साहिल खान, मारूफ राव, आयुष सैनी, अनिरुद्ध, मनावर, शहजाद सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।