: अशासकीय वित्तविहीन विद्यालय संगठन ने किया सम्मान समारोह आयोजित, शिक्षा और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की जताई उम्मीद
देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी को भारतीय जनता पार्टी, टिहरी गढ़वाल के शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक मनोनीत किए जाने पर अशासकीय वित्तविहीन विद्यालय संगठन उत्तराखंड ने शरणजीत इंटरमीडिएट कॉलेज, भारूवाला (क्लेमेंटटाउन) में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महादेव मैठाणी को भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाए जाने से अशासकीय वित्तविहीन एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयासों को गति मिलेगी।
अशासकीय वित्तविहीन विद्यालय संगठन उत्तराखंड के प्रांतीय अध्यक्ष विजेंद्र सिंह गुसाईं तथा प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिंह रौथाण ने कहा कि श्री मैठाणी के नए दायित्व से वित्तविहीन विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण में सहयोग मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालयों को वेतन अनुदान योजना में शामिल कराने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ देहरादून के जिलाध्यक्ष अनिल नौटियाल ने कहा कि महादेव मैठाणी के जिला संयोजक बनने से अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा शिक्षक-कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान में सहूलियत होगी।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा टिहरी गढ़वाल शिक्षक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिला संयोजक एवं अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इन मुद्दों को शासन और शिक्षा विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा शिक्षक प्रकोष्ठ के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर अरविंद सकलानी, विनोद कुमार, अवनीश कुमार गुप्ता, प्रदीप राणा, कमलेश सकलानी, अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, प्रांतीय मंत्री कपूर सिंह पंवार, सुनील पैन्यूली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, संयुक्त मंत्री गिरीश सेमवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।