प्रियंका गांधी से ज्योति रौतेला की मुलाकात ने बढ़ाई उत्तराखंड कांग्रेस की चुनावी हलचल

:- महिला नेतृत्व और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर हुई चर्चा, प्रियंका गांधी ने स्वीकारा देवभूमि आने का निमंत्रण

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ में हुई इस बैठक में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, महिला कांग्रेस संगठन की मजबूती, महिला शक्ति की भागीदारी तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे प्रियंका गांधी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। बैठक के दौरान प्रियंका गांधी ने चुनावी वर्ष को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लगातार उत्तराखंड में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी एकजुटता के साथ तैयार है और भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ कांग्रेस अपने विजन और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

राहुल गांधी के संभावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों के बीच हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उत्तराखंड कांग्रेस अब महिला नेतृत्व, युवाओं की भागीदारी और जमीनी मुद्दों के सहारे चुनावी माहौल को धार देने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *