:- टी-एस्टेट बंजारावाला में क्षेत्रवासियों से किया संवाद, स्थानीय समस्याओं और अपेक्षाओं पर जानी राय
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से दावेदारी कर रहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला इन दिनों क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। पिछले कई वर्षों से चुनावी तैयारियों में जुटी ज्योति रौतेला लगातार विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद कर रही हैं और क्षेत्र के मतदाताओं की नब्ज टटोल रही हैं।
इसी क्रम में रविवार को ज्योति रौतेला ने टी-एस्टेट, बंजारावाला में महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती अनिता सकलानी एवं श्री नरेश सकलानी द्वारा आयोजित बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए स्थानीय मुद्दों, समस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
ज्योति रौतेला ने कहा कि क्षेत्रवासियों से बातचीत के दौरान उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को जानने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और समर्थन ही जनसेवा एवं बदलाव के संकल्प को निरंतर मजबूती प्रदान करता है। धर्मपुर की जनता के साथ और धर्मपुर के बेहतर भविष्य के लिए संवाद और संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
हर मुद्दे पर मुखर रही हैं ज्योति रौतेला
ज्योति रौतेला कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए जानी जाती हैं। जनहित और क्षेत्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वह समय-समय पर सरकार के सामने भी आवाज उठाती रही हैं। छात्र और कर्मचारी वर्ग से जुड़े आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली है।
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क के जरिए ज्योति रौतेला संगठनात्मक सक्रियता के साथ ही अपनी दावेदारी को भी मजबूत करने में जुटी हैं। हर दिन अलग-अलग मोहल्लों में संवाद कार्यक्रमों के जरिए वह लोगों से सीधे जुड़ने का प्रयास कर रही हैं।
राजनीतिक हलकों में ज्योति रौतेला को कांग्रेस की सक्रिय महिला नेताओं में माना जाता है। ऐसे में धर्मपुर विधानसभा सीट से उनकी दावेदारी पर पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय राजनीति में भी नजर बनी हुई है।