20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ जेई, सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम की बड़ी कार्रवाई

:- जसपुर में वाटर कूलर लगाने के भुगतान के एवज में मांगी गई थी रिश्वत, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी 12 हजार रुपये मांगने का आरोप

हल्द्वानी/ऊधम सिंह नगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई लगातार जारी है। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने सोमवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के एक कनिष्ठ अभियन्ता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पंजीकृत ठेकेदार, जो जसपुर क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करता है, ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नम्बर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि ब्लॉक जसपुर में वाटर कूलर लगाए जाने के कार्य के भुगतान एवं ईनाम के एवज में कनिष्ठ अभियन्ता विवेक कुमार द्वारा 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।

सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सोमवार, 29 जून 2026 को अभियुक्त कनिष्ठ अभियन्ता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कुंडा, काशीपुर क्षेत्र से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मामले में नामजद दूसरे अभियुक्त ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचना जारी है।

इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि लोग सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *