जौलीग्रांट में पत्नी की हत्या: चाकू से हमला करने वाला पति गिरफ्तार

:- जौलीग्रांट में पति-पत्नी के विवाद ने लिया खतरनाक मोड़

:- पेट में चाकू मारकर पत्नी को किया गंभीर घायल

:- अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत

:- आरोपी पति गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद

:- धारा 109 से बढ़ाकर 103(1) बीएनएस में किया गया मुकदमा

देहरादून, 18 अप्रैल। डोईवाला क्षेत्र के जौलीग्रांट में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को विवेक पुत्र नारायण निवासी पाल मोहल्ला, जौलीग्रांट ने कोतवाली डोईवाला में सूचना दी कि उनकी बहन प्रतिमा (30 वर्ष) और उसके पति गोपाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी गोपाल ने प्रतिमा के पेट में चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल प्रतिमा को तत्काल हिमालय अस्पताल, जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोपाल (39 वर्ष), निवासी नागरिया कॉलोनी, थाना अमरिया, जिला पीलीभीत (उ.प्र.), हाल निवासी पाल मोहल्ला जौलीग्रांट, को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभ में मामले में धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे पीड़िता की मृत्यु के बाद धारा 103(1) बीएनएस में परिवर्तित कर दिया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *