: ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंसा, रेस्क्यू कर निकाला
: 108 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया
: पोल से टकराया ट्रक, मौके पर मची अफरा-तफरी
पुलिस, फायर और SDRF ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
: JCB और हाइड्रा की मदद से बचाई गई चालक की जान
: हादसे के बाद कुछ देर यातायात रहा बाधित
देहरादून, 18 अप्रैल 2026। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला में शनिवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 06:50 बजे आशारोड़ी की ओर से आ रहे ट्रक (HR58 E5306) ने होटल शिवा कॉन्टिनेंटल के पास यू-टर्न ले रही कार (UK 07 FU3090, मारुति इग्निस) को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चालक घायल हो गया, जिसे तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराया।
हादसे में ट्रक चालक जुनैद पुत्र दिलशाद निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पटेलनगर पुलिस, फायर सर्विस और SDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब दो जेसीबी और दो हाइड्रा मशीनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
दुर्घटना के चलते मोहब्बेवाला क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने शीघ्र ही सुचारु कर दिया।