पुलिस लाइन में तीज के रंग, लोकगीतों पर झूमीं पुलिस परिवार की महिलाएं

तीज क्वीन प्रतियोगिता में सुनीता जैन ने मारी बाजी, मेहंदी प्रतियोगिता में भूमि प्रथम

देहरादून, 21 अगस्त। हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उमंग, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति के रंगों के बीच भव्य तीज समारोह मनाया। मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लोकगीत, संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, तीज के झूलों और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने समारोह में चार-चांद लगा दिए। महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन

हरियाली तीज समारोह के दौरान आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर श्रीमती सुनीता जैन को तीज क्वीन, श्रीमती रजनी रावत को फर्स्ट रनरअप, जबकि श्रीमती नेहा और श्रीमती पार्वती को सेकंड रनरअप चुना गया।

वहीं बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें कु. भूमि ने प्रथम, कु. रागनी ने द्वितीय तथा श्रीमती पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मेधावी बच्चों का भी हुआ सम्मान

समारोह में पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह पुत्र विक्रान्त कुमार और अभिनव राणा पुत्र शैलेश राणा तथा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी पुत्र योगेश सिंह चौधरी को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

तीज पर्व ने बढ़ाया आपसी जुड़ाव

मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार को व्यस्तताओं के बीच खुशियों के पल साझा करने, आपसी जुड़ाव मजबूत करने तथा परिवार में प्रेम, सहयोग और सौहार्द की भावना को प्रगाढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस प्रकार के आयोजन पुलिस परिवार की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर, विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी, श्रीमती गौरी सेठ पत्नी श्री दीपम सेठ, श्रीमती सोनू पत्नी श्री सुनील कुमार मीना, श्रीमती तनवी सिंह पत्नी श्री बरिन्द्र जीत सिंह, श्रीमती सरोज पत्नी श्री धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल, श्रीमती निधि पत्नी श्री अमित श्रीवास्तव, श्रीमती रेनू लोहानी, अपर पुलिस अधीक्षक, श्रीमती अनिता अंथवाल पत्नी श्री सी.डी. अंथवाल, श्रीमती पूर्णिमा गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक, कार्मिक, श्रीमती जूही मनराल, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय सहित अन्य अतिथिगण एवं पुलिस परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मंच संचालन की भूमिका श्रीमती सरीता डोबाल, पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय, श्रीमती जया बलोनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, श्रीमती ऐश्वर्या पत्नी श्री प्रमोद कुमार, श्रीमती वन्दना वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक देहरादून, श्रीमती भावना पंत पत्नी श्री जगदीश चन्द्र पंत, श्रीमती अंजू रावत पत्नी श्री राजीव रावत तथा पुलिस परिवार से कु. निधि एवं श्रीमती सुमन, अध्यापक पुलिस मार्डन स्कूल द्वारा बखूबी निभाई गई।

समारोह के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। उमंग, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह तीज समारोह पुलिस परिवार की एकजुटता, महिला प्रतिभा और आपसी सौहार्द का खूबसूरत संगम बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *