अभियंता राष्ट्र निर्माण की मजबूत कड़ी : अजय कुमार सिंह

अभियंता दिवस पर यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ने दी शुभकामनाएं, जलविद्युत क्षेत्र में अभियंताओं के योगदान को सराहा

देहरादून। भारत रत्न एवं महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को मनाए जाने वाले अभियंता दिवस पर यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने प्रदेश और देश के सभी अभियंताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि अभियंता अपने तकनीकी ज्ञान, नवाचार, दूरदृष्टि और समर्पण के माध्यम से विकास की नई राह प्रशस्त करते हैं। राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक विविधताओं वाले राज्य में विभिन्न संरचनात्मक एवं विकास कार्यों को गति देने में अभियंताओं का विशेष योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि जलविद्युत क्षेत्र में अभियंताओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। अभियंताओं के तकनीकी कौशल और समर्पित प्रयासों से ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास तथा सतत विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।

यूजेवीएनएल के अभियंताओं और समस्त कार्मिकों के निरंतर सहयोग एवं सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए प्रबंध निदेशक ने कहा कि सभी के समर्पित प्रयासों से निगम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

अभियंता दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी अभियंताओं और उनके परिवारों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं निरंतर सफलता की कामना की।

……..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *