“नशे को ना, जिंदगी को हाँ” अभियान और सुपर-300 मिशन को राष्ट्रीय पहचान
नई दिल्ली। एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने सिक्स सिग्मा हेल्थकेयर एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 के समारोह में शिक्षाविद ललित मोहन जोशी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक और शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया।
जोशी को यह सम्मान उनके नशा मुक्ति अभियान “नशे को ना, जिंदगी को हाँ” (युवा संवाद) तथा शिक्षा क्षेत्र की पहल सुपर-300 मिशन के लिए प्रदान किया गया। वे पिछले 15 वर्षों से उत्तराखंड में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक कर रहे हैं। उनकी संस्था ‘सजग इंडिया’ के माध्यम से नैतिक शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता पर निरंतर कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जोशी ने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और एक जागरूक व सशक्त समाज का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज को भी सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम के लिए सम्मानित किया गया। इस योजना के तहत हर वर्ष 300 जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क उच्च, चिकित्सा और व्यावसायिक शिक्षा दी जा रही है। संस्थान की ओर से अकादमिक निदेशक डॉ. सपना जोशी ने सम्मान ग्रहण किया।
समारोह में योगेंद्र सिंह यादव, प्रवीन रंजन, मंगेश नाइक सहित देशभर से 2000 से अधिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।