:- बुजुर्ग महिला की शिकायत पर एक्शन, लापरवाही पर मांगी रिपोर्ट
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के त्वरित हस्तक्षेप से झंडा मोहल्ला तालाब क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल संयोजन पाइप की समस्या का समाधान कर दिया गया। 80 वर्षीय रानी महेंद्रु की शिकायत पर डीएम ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभाग से आख्या (ATR) तलब की और सख्त निर्देश जारी किए।
मामला संज्ञान में आते ही जल संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल की। साथ ही क्षेत्र में फैली गंदगी हटाकर नालियों की सफाई भी कराई गई।
शिकायत में पूर्व की अनियमितताओं का भी उल्लेख होने पर डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।