मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को दिखाई हरी झंडी, शौर्य स्थल पर अर्पित की श्रद्धांजलि
गांधी पार्क में हुआ मैराथॉन का भव्य समापन, विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
देहरादून, 24 जुलाई 2026। कारगिल विजय दिवस की पूर्व वेला पर शनिवार को देहरादून राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
मैराथॉन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण चोटियों पर अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों की वीरता और अद्वितीय बलिदान ने देश को ऐतिहासिक विजय दिलाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक क्षमता का भी प्रभावी परिचय कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक सफलता हासिल की। भारतीय सेना के रणबांकुरों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से राष्ट्र की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। ये अमर वीर सपूत सदैव देशवासियों के हृदय में जीवित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे कारगिल के वीर योद्धाओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा अपने कर्तव्यों का समर्पण भाव से निर्वहन करें।
गांधी पार्क में हुआ भव्य समापन
‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन का समापन गांधी पार्क में हुआ। यहां कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।
विभिन्न वर्गों में इन धावकों ने हासिल किए स्थान
एनसीसी बालक वर्ग: सूरज प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय और कृष ठाकुर तृतीय।
एनसीसी बालिका वर्ग: वैष्णवी प्रथम, द्विवजा द्वितीय और इल्मा तृतीय।
सीनियर सिटीजन वर्ग: मुकेश राणा प्रथम, जितेन्द्र गुप्ता द्वितीय और गोविन्द राणा तृतीय।
भूतपूर्व सैनिक वर्ग: कलम सिंह बिष्ट प्रथम, विजय सिंह द्वितीय और राम सिंह भण्डारी तृतीय।
दिव्यांग वर्ग: अनुष्का एवं सुनील नेगी विजेता रहे।
18 वर्ष से अधिक आयु पुरुष वर्ग: अंकित पंवार प्रथम, रोहित द्वितीय और अमित कुमार तृतीय।
महिला वर्ग: तनुश्री चौहान प्रथम, महक नेगी द्वितीय और लीला शाह तृतीय।
उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र वर्ग: विपिन वर्मा प्रथम, अंकित द्वितीय और सागर जोशी तृतीय।
छात्रा वर्ग: निकिता जोशी प्रथम, रानी द्वितीय और श्वेता तृतीय।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (कर्नल सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।