हिमालयन अभ्युदय सामाजिक संस्थान एवं उत्तराखंड मुक्त व विश्व विश्वविद्यालय परिसर देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में यूसीएफ सदन में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
देहरादून। हिमालयन अभ्युदय सामाजिक संस्थान एवं उत्तराखंड मुक्त व विश्व विश्वविद्यालय परिसर देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 25 जुलाई 2026 को यूसीएफ सदन में महान क्रांतिकारी एवं जननायक श्री देव सुमन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने श्री देव सुमन को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में प्रभारी निदेशक डॉ सुभाष चंद रमोला ने श्री देव सुमन के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री देव सुमन का जन्म 25 मई 1916 को टिहरी गढ़वाल के जौल गाँव में हुआ था। उन्होंने टिहरी राजशाही के खिलाफ प्रथम आंदोलन किया तथा 84 दिन की भूख हड़ताल के पश्चात 25 जुलाई 1944 को शहीद हो गए।
डॉ भावना डोभाल ने अपने संबोधन में कहा कि श्री देव सुमन एक महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाकर जन आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने श्री देव सुमन के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर देशहित में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ० नरेन्द्र जगूडी ने कहा कि श्री देव सुमन के दृढ़ निश्चय ने टिहरी राजशाही की नींव तक हिला डाली थी। उन्हीं के बलिदान के फलस्वरूप टिहरी में राजशाही का अंत हुआ।
इस अवसर पर अरविन्द कोटियाल, बृजमोहन खाती, कुंदन सिंह, अजय सिंह एवं अभिषेक आदि उपस्थित रहे।