देहरादून में एयर अटैक मॉक ड्रिल: 30 मिनट ब्लैकआउट, राहत-बचाव तंत्र की परखी गई तैयारी

:- आईएसबीटी क्षेत्र में ‘बम धमाके’ का सीन, 4 मृत, 11 घायल दर्शाए गए, सभी एजेंसियों ने किया संयुक्त अभ्यास

देहरादून, 24 अप्रैल 2026। राजधानी देहरादून में शुक्रवार रात एयर अटैक की सूचना पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने मिलकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण किया।

रात्रि 10:05 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से एयर अटैक की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (EOC) सक्रिय कर दिया गया और इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (IRS) तत्काल लागू किया गया। इसके साथ ही शहर के शहरी क्षेत्रों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया।

चार स्थानों पर बनाया गया आपात स्थिति का सीन :

घंटाघर, डील रायपुर, आराघर और आईएसबीटी क्षेत्र में बमबारी की काल्पनिक घटनाएं तैयार की गईं। आईएसबीटी क्षेत्र में 10:34 बजे ‘बम धमाका’ दर्शाया गया, जिसमें 4 लोगों की मौत, 6 गंभीर और 5 सामान्य रूप से घायल होने का परिदृश्य बनाया गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से दून चिकित्सालय भेजा गया।

आराघर में मिला ‘अनफटा बम’, EOD टीम ने किया निष्क्रिय :

आराघर क्षेत्र में 10:36 बजे बम गिरने की सूचना मिली, जो फटा नहीं था। एक्सप्लोसिव ऑर्डिनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम ने मौके पर पहुंचकर बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया।

घंटाघर में पुलिया क्षतिग्रस्त, सेवाएं बाधित :

घंटाघर क्षेत्र में बमबारी के कारण पास की बस्ती की पुलिया क्षतिग्रस्त होने और बिजली-पानी आपूर्ति बाधित होने का सीन तैयार किया गया। संबंधित विभागों द्वारा तत्काल बहाली कार्य शुरू किया गया।

अन्य क्षेत्रों में नहीं हुई जनहानि :

डील रायपुर और आराघर क्षेत्रों में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं दर्शाई गई। सभी स्थानों पर मॉक ड्रिल शांतिपूर्वक और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

सिविल डिफेंस वालंटियर्स की अहम भूमिका :

अभ्यास के दौरान सिविल डिफेंस के वालंटियर्स की तैनाती इस प्रकार रही:

घंटाघर: 52

आराघर: 52

आईएसबीटी: 36

डील रायपुर: 12

मॉक ड्रिल का उद्देश्य :

इस अभ्यास का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का मूल्यांकन करना था, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *