‘रन फॉर योगा’ में दौड़े मुख्यमंत्री धामी, बोले- योग बने जनआंदोलन

:- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, युवाओं से नियमित योग अपनाने की अपील

देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है तथा यहां की समृद्ध परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में उनके प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में वैश्विक मान्यता मिली और आज 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही देश और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, प्रशिक्षकों को सहयोग और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *