देहरादून। देहरादून में पड़ोस में रहने वाले युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। आरोपी के परिजनों ने किशोरी का घर पर ही गर्भपात कराने का प्रयास किया। अधिक रक्तस्राव होने पर किशोरी को अस्पताल ले जाना पड़ा। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में ले लिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामला मंगलवार का बताया जा रहा है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 15 वर्षीय किशोरी बड़ी बहन के साथ रहती है। उनकी मां की मौत हो चुकी है। पिता लापता चल रहे हैं। आरोपी युवक करीब एक साल से किशोरी से दुष्कर्म कर रहा था। मामले का पता लगने पर उत्तराखंड बाल आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना मंगलवार को अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों से पीड़िता का हाल जाना। डॉ. खन्ना ने बाल कल्याण समिति से किशोरी की पूर्ण देखरेख, सुरक्षा, परामर्श और पुनर्वास के लिए कहा है।