:- 8 साल की उम्र में स्कूल टीम से शुरू किया था फुटबॉल का सफर, बेहतर प्रशिक्षण के लिए 10 साल की उम्र में छोड़ना पड़ा था देहरादून; अब राष्ट्रीय टीम की संभालेंगे कमान
देहरादून। उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है। देहरादून में जन्मे भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के स्टार मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा को पहली बार भारतीय सीनियर राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का कप्तान बनाया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अनिरुद्ध अपने शानदार खेल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता से भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
15 जनवरी 1998 को देहरादून में जन्मे अनिरुद्ध थापा का अपने गृहनगर से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उनके फुटबॉल करियर की नींव भी देहरादून में ही पड़ी। उनके पिता प्रमोद थापा देहरादून में ओएनजीसी में कार्यरत रहे हैं, जबकि उनके बड़े भाई सानिध्य थापा भी फुटबॉल खेलते थे। परिवार में फुटबॉल के माहौल से प्रेरित होकर अनिरुद्ध ने बचपन में ही इस खेल को अपना लिया।
अनिरुद्ध ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के सेंट जोसेफ अकादमी से प्राप्त की। महज आठ वर्ष की उम्र में उन्होंने स्कूल की फुटबॉल टीम के लिए खेलना शुरू कर दिया था। हालांकि, बेहतर प्रशिक्षण और फुटबॉल की सुविधाओं की कमी के चलते उन्हें महज 10 वर्ष की उम्र में आगे की ट्रेनिंग के लिए देहरादून छोड़कर चंडीगढ़ की सेंट स्टीफंस फुटबॉल अकादमी जाना पड़ा। यहीं से उनके पेशेवर फुटबॉल करियर को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
अनिरुद्ध थापा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की एलीट अकादमी तक पहुंचने वाले उत्तराखंड के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं। अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। क्लब फुटबॉल में भी उन्होंने मोहन बागान सुपर जायंट और चेन्नईयिन एफसी जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है।
व्यस्त अंतरराष्ट्रीय और क्लब फुटबॉल कार्यक्रमों के बावजूद अनिरुद्ध का अपने शहर से जुड़ाव बना हुआ है। वह अक्सर छुट्टियां बिताने देहरादून आते हैं और स्थानीय स्तर पर फुटबॉल सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत भी उठाते रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अनिरुद्ध की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह अपने शानदार खेल और नेतृत्व क्षमता से भारतीय फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।
देहरादून की गलियों और स्कूल फुटबॉल से शुरू हुआ अनिरुद्ध थापा का सफर अब भारतीय सीनियर राष्ट्रीय टीम की कप्तानी तक पहुंच गया है। उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।