देहरादून के बंजारावाला में युवक को गोली मारी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बंजारावाला में शनिवार को एक वारदात सामने आई। एक युवक को दो बदमाशों ने गोली मार दी। हालांकि, गोली उसके कंधे में लगी। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने शहर से आने जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीओम चौहान के अनुसार, मोइन निवासी कुरली खेड़ा थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर कुछ दिन पहले बंजारावाला में बहन के घर आया था। शनिवार को दिन में वह भांजों को लेने स्कूल गया था। स्कूल से वह घर लौट रहा था। तभी बंजारावाला क्षेत्र में दो युवकों ने उस पर गोली चला दी। वह गिर पड़ा। आसपास के लोग जुट गए। यह देख बदमाश फरार हो गए। उसे पटेलनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, पुलिस मामले में रंजिश की आशंका जता रही है। अस्पताल में मोइन ने पुलिस को बयान दिया कि गोली मारने वाले दोनों युवकों को उसने पहले देखा है। दोनों उसके गांव के आसपास क्षेत्र के रहने वाले हैं। हालांकि, उससे इनकी क्या रंजिश है यह बात अभी साफ नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *