हत्या के प्रयास और लूट का आरोपी इनामी बदमाश मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

:- आरोपी पर था 25 हजार का इनाम घोषित, STF–सितारगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी

:- हत्या के प्रयास और लूट का आरोपी लंबे समय से फरार, उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश में नाम बदल-बदल कर छुपा रहा था पहचान

देहरादून, 24 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड को अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत एसटीएफ और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चेतन सिंह बिष्ट (34 वर्ष) पुत्र नर सिंह बिष्ट, निवासी चांदनी चौक घुड़दौड़ा, कालीनगर, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नाम व पहचान बदलकर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, फरवरी 2025 में सितारगंज क्षेत्र में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परचून की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान गल्ले से नकदी और तीन मोबाइल फोन लूटे गए। विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।

इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि चेतन सिंह बिष्ट तब से फरार था। उसके खिलाफ नैनीताल जिले में चोरी और लूट के कई मामले भी दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसटीएफ की कुमाऊं टीम ने तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी की। पुलिस के अनुसार आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन टीम ने उसे मथुरा रेलवे स्टेशन पर दबोच लिया।

🟩 STF टीम:

निरीक्षक विकास चौधरी, उप निरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उप निरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, मुख्य आरक्षी महेन्द्र गिरी, मुख्य आरक्षी किशोर कुमार, आरक्षी जितेन्द्र कुमार, किशन चंद्र शर्मा (टेक्निकल हैंड)

🟩 सितारगंज पुलिस टीम:

वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेंद्र मुनियाल, आरक्षी विनोद जोशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *