बदरीनाथ से देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर लापता, जोशीमठ के चाई गांव के पास क्रैश लैंडिंग की आशंका

खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटा, पायलट समेत छह लोग सवार; सेना, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन ने शुरू किया सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन

मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हेलीकॉप्टर उड़ान पर उठे सवाल, ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड में खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर के क्रैश होने अथवा क्रैश लैंडिंग की सूचना सामने आई है। हालांकि, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के अनुसार हेलीकॉप्टर की वास्तविक स्थिति और दुर्घटना की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा (देहरादून) के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसी दौरान ट्रैकिंग सिस्टम ने भी उसकी लोकेशन दर्ज करना बंद कर दिया।

चाई गांव के ऊपर क्रैश लैंडिंग की सूचना, रेस्क्यू टीमें रवाना

जोशीमठ से उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार दोपहर 2:21 बजे एसडीएम जोशीमठ से सूचना मिली कि चाई गांव के ऊपर एक हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर की टीमें दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

यूकाडा कर्मचारियों के अनुसार चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही थी। हालांकि, हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है या उसकी आपात लैंडिंग हुई है, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

चमोली के एसपी सुरजीत पंवार ने बताया कि घटना के संबंध में सूचनाएं एकत्रित की जा रही हैं। भारतीय सेना, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल मिलने वाले लोगों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऑरेंज अलर्ट के बीच हेलीकॉप्टर उड़ान पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने खराब मौसम में हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रतिकूल मौसम के बीच हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, उड़ान के समय मौसम की वास्तविक स्थिति, हेलीकॉप्टर को मिली अनुमति और संपर्क टूटने के कारणों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संचालन में किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई थी या नहीं।

ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक

घटना के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। यूकाडा के अनुसार हेलीकॉप्टर का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है।

हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और यात्रियों के नाम

प्राप्त विवरण के अनुसार हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार हैं।

पायलट: कैप्टन हिमांशु

यात्री:

प्रतापा

अरुण

शंकर गौड़ा

सुधीर के.

एच.एस. नटराज

फिलहाल सभी सवार लोगों की स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है। राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हेलीकॉप्टर संचालन के लिए सुरक्षा मानकों और मौसम संबंधी परिस्थितियों का कितना ध्यान रखा गया था। घटना के कारणों की पुष्टि होने के बाद ही इन सवालों का जवाब सामने आ सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *