धनतेरस पर अमित शाह की पदयात्रा से दून के व्यापारियों को होगी परेशानी : प्रीतम सिंह

:- कांग्रेस नेता ने उठाए भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ यात्रा पर सवाल, पूछा- जब केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है तो लोकतंत्र को खतरा किससे?

प्रीतम सिंह

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा की ओर से प्रदेश में निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ यात्रा पर सवाल उठाते हुए इसे हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद पार्टी लोकतंत्र बचाने के लिए यात्रा निकाल रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर लोकतंत्र को खतरा किससे है और प्रदेश में अराजकता के लिए जिम्मेदार कौन है?

प्रीतम सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे और पदयात्रा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धनतेरस हिंदू समाज का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन बाजारों में भारी भीड़ रहती है और व्यापारी साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी दिनों में से एक की तैयारी करते हैं। ऐसे में गृह मंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन से आम जनता के साथ व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

उन्होंने सवाल किया कि जब एक नवंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में आयोजित रैली को लेकर भाजपा नेताओं ने व्यापारियों के कारोबार प्रभावित होने की बात कही थी, तो क्या छह नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम और पदयात्रा से देहरादून के व्यापारियों के कारोबार पर असर नहीं पड़ेगा? उन्होंने कहा कि धनतेरस पर बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से व्यापारिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ सकता है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा को आम जनता और व्यापारियों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल यात्राएं निकालने और नारे लगाने से मजबूत नहीं होता, बल्कि जनता के अधिकारों का सम्मान करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने से मजबूत होता है।

प्रीतम सिंह ने भाजपा को राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान त्योहारों की संवेदनशीलता, आम जनता की सुविधाओं और व्यापारियों के हितों का ध्यान रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र और अराजकता की चिंता करने से पहले अपने शासनकाल के कार्यों और नीतियों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *