25 साल की जनसेवा पर पीएम मोदी को सीएम धामी की बधाई, काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा

:- बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना; धामी बोले—गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की यात्रा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की यात्रा

उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा आज विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण प्रमुख रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को उन्होंने प्राथमिकता दी है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रेरणा से राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *