चिरबासा से आगे कच्चीढांग के पास पैर फिसलने से हुआ हादसा, बारिश और खराब मौसम के बीच 18 सदस्यीय टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
उत्तरकाशी। गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर 25 सितंबर को बड़ा हादसा हो गया। महाराष्ट्र से आए 65 वर्षीय पर्यटक राम कुमार हनुमान गुप्ता चिरबासा से आगे कच्चीढांग के पास पैर फिसलने से करीब 130 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गए। हादसे के बाद से वन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय पोर्टरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा 25 सितंबर की दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। पर्यटक के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय पोर्टरों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा।
शनिवार सुबह एसडीआरएफ, वन विभाग, पुलिस, नेपाली पोर्टरों और स्थानीय पोर्टरों की 18 सदस्यीय टीम ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच चिरबासा से नदी किनारे तक लापता पर्यटक की तलाश की जा रही है। टीम खाई और नदी किनारे के संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रही है।
अब तक नहीं मिला सुराग
सर्च ऑपरेशन के बावजूद अभी तक लापता पर्यटक राम कुमार हनुमान गुप्ता का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनके साथ आए चार अन्य पर्यटक सुरक्षित बताए गए हैं। प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार रेस्क्यू एवं सर्च अभियान में जुटी हुई हैं।