:- दरोगा-सिपाही और CRPF के इंस्पेक्टर-हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, उत्तराखंड के एक जनप्रतिनिधि का बताया जा रहा है फार्म हाउस
अमरोहा, 23 सितंबर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा और सिपाही के साथ CRPF के एक इंस्पेक्टर तथा एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीड़िता हरियाणा की रहने वाली है। आरोप है कि CRPF के दोनों जवान उसे हरियाणा से मेरठ होते हुए अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में लेकर पहुंचे। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का एक दरोगा भी उनके साथ हो गया। आरोप है कि युवती को क्षेत्र के झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस ले जाया गया, जहां बाद में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक सिपाही भी पहुंचा।
पीड़िता की तहरीर में क्या आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि फार्म हाउस में उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना के बाद युवती ने कमरे को अंदर से बंद कर मोबाइल के जरिए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
उत्तराखंड के जनप्रतिनिधिसे जुड़े फार्म हाउस का दावा :-
इस मामले में जिस फार्म हाउस का नाम सामने आया है, उसे उत्तराखंड के एक जनप्रतिनिधि से जुड़ा बताया गया है।
चारों आरोपी गिरफ्तार:-
अमरोहा पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा और सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की गई है, जबकि CRPF के दोनों आरोपियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है। मामले में पुलिस साक्ष्य जुटाने और आगे की कानूनी कार्रवाई में लगी है।