वाणी कपूर के डांस और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंगों से सजा UPL 2026 का उद्घाटन

:- राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भव्य ओपनिंग सेरेमनी, करिश्मा शाह, रुहान भारद्वाज और इंदर आर्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

देहरादून, 23 सितंबर 2026। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन का आगाज 21 सितंबर को देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और बॉलीवुड का शानदार संगम देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर की डांस प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रही, जबकि उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को अपनी संस्कृति से जोड़ा।

ओपनिंग सेरेमनी में स्थानीय कलाकारों करिश्मा शाह, रुहान भारद्वाज और इंदर आर्य की प्रस्तुतियों ने स्टेडियम में उत्साह और जश्न का माहौल बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। बड़े खेल आयोजन के मंच पर स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलना भी समारोह की खास बात रही।

बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने अपनी डांस प्रस्तुति से समारोह में ग्लैमर का रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्तराखंड की लोक प्रस्तुतियों और बॉलीवुड प्रस्तुति के इस संगम ने UPL 2026 की शुरुआत को यादगार बना दिया।

उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के सचिव (स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन) एवं सिडकुल के प्रबंध निदेशक विनय शंकर पांडे (IAS), बीसीसीआई के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के पूर्व सचिव माहिम वर्मा, CAU के मुख्य संरक्षक एवं संस्थापक पी.सी. वर्मा, CAU अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरण वर्मा, उत्तराखंड प्रीमियर लीग के अध्यक्ष सुनील जोशी और UPL 2026 के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) नवनीत मिश्रा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

11 टीमें खिताब के लिए मैदान में

UPL 2026 में पुरुष वर्ग की सात और महिला वर्ग की चार टीमें, यानी कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेला जा रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत महिला वर्ग के मुकाबलों से हुई। उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में देहरादून वॉरियर्स ने पिथौरागढ़ हरिकेन्स को सात विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में मसूरी क्वींस ने बागेश्वर एरियल्स के खिलाफ जीत दर्ज की।

महिला वर्ग में मसूरी क्वींस की कप्तानी नंदिनी कश्यप, बागेश्वर एरियल की प्रेमा रावत, पिथौरागढ़ हरिकेन्स की राघवी बिष्ट और देहरादून वॉरियर्स की श्वेता वर्मा कर रही हैं। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को शाम 7:30 बजे खेला जाएगा।

22 सितंबर से पुरुष वर्ग का रोमांच

पुरुष वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत 22 सितंबर को हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच मुकाबले से हुई। पुरुष वर्ग में पिथौरागढ़ हरिकेन्स, यूएसएन इंडियंस, नैनीताल टाइगर्स, ऋषिकेश रिवर किंग्स, हरिद्वार एल्मास, टिहरी टाइटन्स और देहरादून वॉरियर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

लीग में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ अंडर-23, अंडर-19 और अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी अवसर दिया गया है। इससे प्रदेश की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिल रहा है। लीग चरण के बाद 30 सितंबर को एलिमिनेटर और 1 अक्टूबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

दर्शकों के लिए पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *