प्रेमनगर में बरसाती बहाव में बही क्रेटा, युवक समेत दो की मौत

:- कंडोली पुल के पास देर रात हुआ हादसा, एक युवती को दो किमी दूर से घायल अवस्था में किया गया रेस्क्यू; SDRF ने रातभर चलाया सर्च अभियान

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान बरसाती पानी के तेज बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती घायल हो गई। सूचना मिलने पर SDRF की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

हादसा देर रात प्रेमनगर के लोअर कंडोली स्थित पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास हुआ। बताया गया कि कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने के बाद वाहन बह गया।

SDRF की टीम ने घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया। घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती घायल अवस्था में मिली, जिसे टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सर्चिंग के दौरान अक्षय (20), निवासी जयपुर और एक अन्य युवती के शव भी बरामद किए गए।

तेज बहाव में न लें जोखिम

SDRF और पुलिस ने लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों, पुलों और तेज बहाव वाले रास्तों के आसपास अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, पानी का बहाव सामान्य दिखाई देने पर भी उसकी गहराई और गति का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में नदी, बरसाती नालों या जलभराव वाले मार्गों को पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस ने लोगों से प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने और भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *