हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद हुए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग; बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास
देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद किए गए ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को देहरादून में सचिवालय कूच किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। सचिवालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर सचिवालय के नजदीक तक पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी।
पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सचिवालय से पहले ही रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद किए गए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रम के बाद इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक एवं सामाजिक सौहार्द की भावना के अनुरूप नहीं है। पार्टी ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
…….