91 गेंदों में 233 रन! अभिषेक शर्मा का बल्ला गरजा, टीम ने 220 रन से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

15 चौके, 25 छक्कों से रचा इतिहास, पहले विकेट के लिए 305 रन की रिकॉर्ड साझेदारी; गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर बने जीत के नायक

अमृतसर। भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पंजाब इंटर-जिला पुरुष सीनियर वनडे टूर्नामेंट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। अमृतसर के गांधी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने मात्र 91 गेंदों पर 233 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 220 रन की शानदार जीत दिलाई।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 15 चौके और 25 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 256.04 रहा। अभिषेक ने अभय चौधरी (93 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 305 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर अमृतसर को मजबूत शुरुआत दिलाई।

अमृतसर ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट पर 533 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में तरनतारन की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 313 रन ही बना सकी। तरनतारन की ओर से अर्शदीप सिंह ने 108 और मनप्रीत सिंह संधू ने 62 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

बल्ले से कहर बरपाने के बाद अभिषेक ने गेंदबाजी में भी अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 9 ओवर में 71 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने शतकवीर अर्शदीप सिंह (108) और करणवीर सिंह ढिल्लों (26) को पवेलियन भेजकर विपक्ष की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

यह पारी अभिषेक शर्मा के लिए बेहद खास मानी जा रही है। हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर टी20 श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। तीन पारियों में वह सिर्फ 11 रन ही बना सके थे। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों में उन्होंने 131 और आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में 49 रन बनाए थे। पिछले 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला है, जिसके चलते आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान से फिसलकर वह तीसरे स्थान पर पहुंच गए थे।

ऐसे में घरेलू क्रिकेट में खेली गई यह ऐतिहासिक पारी उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देने वाली साबित हो सकती है। भारत के लिए अब तक 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके अभिषेक शर्मा के नाम 1629 रन, 2 शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *