नौकुचियाताल में खुला ‘आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र’, मेडिकल टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया केंद्र का उद्घाटन, पहले ही दिन 75 मरीजों ने कराया उपचार

नैनीताल (नौकुचियाताल), 24 जुलाई। नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौकुचियाताल में शुक्रवार को ‘आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र’ का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी मिलेंगी सुविधाएं

आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को मुफ्त और किफायती दरों पर उच्च स्तरीय आयुर्वेदिक चिकित्सा, पंचकर्म और रोग प्रबंधन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही देश-विदेश से नौकुचियाताल आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह केंद्र एक बेहतर ‘वेलनेस डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित होगा। माना जा रहा है कि यह केंद्र क्षेत्र में मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्घाटन समारोह में करीब 300 लोग शामिल

उद्घाटन समारोह में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया। स्थानीय लोगों ने केंद्र की शुरुआत को लेकर उत्साह जताया और इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

पहले दिन 75 मरीजों ने कराया उपचार

केंद्र के शुभारंभ के साथ ही पहले दिन 75 मरीजों ने अपनी जांच कराई। मरीजों को तत्काल चिकित्सा परामर्श देने के साथ-साथ कपिंग (Cupping), मर्म चिकित्सा (Marm Therapy) और लीच थेरेपी (Leech Therapy) जैसी विशिष्ट आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों से उपचार प्रदान किया गया।

ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक विभाग से जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. बबीता कन्याल, आयुष नोडल नैनीताल डॉ. प्रदीप सिंह मेहरा, डॉ. मोहम्मद शकील, डॉ. लक्ष्मण राणा, डॉ. शशी राणा, डॉ. हेमलता पांगती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कमलेश भट्ट, पंचकर्म सहायक पवनकांत नौटियाल, फार्मेसी अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ममगाईं व विमला और कार्यालय स्टाफ हेमन्त जोश, खजान सिंह, धीरेन्द्र सिंग मेहरा, रमेश राम, जमुना प्रसाद, भूरे लाल और नीमा देवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *