ध्रुव नेगी ने पुरुष एकल में जीता स्वर्ण, अंश नेगी, अदिति भट्ट और मनसा-गायत्री की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया
देहरादून। तमिलनाडु के चेन्नई में 16 से 23 जुलाई तक आयोजित योनेक्स सनराइजर्स ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड के शटलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। ध्रुव नेगी ने पुरुष एकल में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया, जबकि अंश नेगी ने पुरुष एकल, अदिति भट्ट ने मिश्रित युगल तथा अल्मोड़ा की बहनों मनसा रावत और गायत्री रावत ने महिला युगल में कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष एकल के फाइनल मुकाबले में देहरादून के ध्रुव नेगी ने राजस्थान के प्रणय कट्टा को 20-18, 14-16, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंश नेगी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में उन्हें राजस्थान के प्रणय कट्टा से 13-15, 15-7, 8-15 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मिला।
मिश्रित युगल में अदिति भट्ट ने दिल्ली के अपने जोड़ीदार दिव्यम अरोरा के साथ खेलते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और पदक पक्का किया। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें तमिलनाडु की श्रेया बालाजी और विमलराज अन्नादुरई की जोड़ी से कड़े मुकाबले में 6-15, 15-12, 15-9 से हार मिली। इसके साथ ही अदिति भट्ट और दिव्यम अरोरा की जोड़ी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिला युगल में अल्मोड़ा की बहनों मनसा रावत और गायत्री रावत ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उन्हें ओडिशा की ऋतुपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा की जोड़ी से 15-7, 15-9 से पराजित होना पड़ा और उन्हें कांस्य पदक हासिल हुआ।
चारों पदक विजेता खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण एकेडमी में कोच डीके सेन और लोकेश नेगी के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के चीफ पैट्रन एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता और राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नजजौन, कोषाध्यक्ष नंदन रावत, डीके जोशी, लोकेश नेगी सहित उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।