अनधिकृत निर्माण पर प्रशासन का शिकंजा, डोईवाला में विवादित धार्मिक परिसर सील

:- एमडीडीए की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, स्वीकृत नक्शा न होने और भूमि उपयोग संबंधी शिकायतों के बाद उठाया कदम

देहरादून, 1 जून। जिला प्रशासन और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने डोईवाला क्षेत्र में एक कथित अनधिकृत धार्मिक परिसर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।

जानकारी के अनुसार रानीपोखरी थाना क्षेत्र के कंडोगल-कुडियाला गांव स्थित दो मंजिला भवन को लेकर निर्माण मानकों और भूमि उपयोग संबंधी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जांच के दौरान पाया गया कि लगभग 800 वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्मित भवन का नक्शा एमडीडीए से स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसके अलावा भवन के उपयोग को लेकर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं।

मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए एसडीएम डोईवाला और एमडीडीए की संयुक्त टीम सोमवार को मौके पर पहुंची और भवन को सील करने की कार्रवाई की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि उक्त परिसर को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से शिकायतें और आपत्तियां उठाई जा रही थीं। प्रशासन ने आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *