:- सहस्त्रधारा रोड और तपोवन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई, मसूरी रोड पर अवैध निर्माण सील; नियमों के उल्लंघन पर सख्त चेतावनी
देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 बीघा से अधिक भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही मसूरी रोड स्थित एक अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। कार्रवाई संयुक्त सचिव प्रत्यूस सिंह के निर्देश पर प्रवर्तन टीम द्वारा की गई।
एमडीडीए की टीम ने तपोवन एनक्लेव क्रॉस-11 रोड क्षेत्र में लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसके बाद सहस्त्रधारा रोड स्थित ब्राह्मणवाला खाला क्षेत्र के मन्दाकिनी विहार में करीब 20 से 25 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही एक अन्य अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग से जुड़ी संरचनाओं और विकास कार्यों को हटाया। वहीं गल्जवाड़ी, मसूरी रोड क्षेत्र में नियमों के विपरीत किए जा रहे एक निर्माण को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित निर्माण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग न केवल विकास मानकों का उल्लंघन हैं बल्कि भविष्य में शहरी सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने नागरिकों से किसी भी भूमि या संपत्ति में निवेश से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील की।
प्रवर्तन प्रभारी मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता उमेश वर्मा, विदिता कुमारी, गौरव तोमर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।