हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’: यूजेवीएन की पहल बनी ऊर्जा संरक्षण का मॉडल

हर शनिवार ‘नो व्हीकल डे’: यूजेवीएन की पहल बनी ऊर्जा संरक्षण का मॉडल

:- एमडी अजय कुमार सिंह ने बस और पैदल पहुंचकर दिया संदेश, अधिकारियों-कर्मचारियों ने साइकिल व सार्वजनिक परिवहन अपनाया

देहरादून। ऊर्जा संरक्षण, जैविक ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा शुरू किया गया ‘नो व्हीकल डे’ अभियान शनिवार को उत्साहपूर्वक मनाया गया। अभियान के तहत निगम मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी वाहनों के बजाय पैदल, साइकिल तथा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा बचत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

अभियान को प्रेरणादायी बनाने के लिए यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह स्वयं सार्वजनिक परिवहन से जीएमएस रोड तक पहुंचे और वहां से पैदल चलकर निगम मुख्यालय उज्ज्वल पहुंचे। निदेशक परियोजना सुरेश चंद्र बलूनी ने भी सार्वजनिक परिवहन और पैदल चलकर कार्यालय पहुंचकर अभियान में सहभागिता की।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऊर्जा स्रोतों के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के निर्देशों के अनुरूप यूजेवीएन लिमिटेड विभिन्न नवाचारपूर्ण पहलें कर रहा है। इसी क्रम में निगम मुख्यालय में प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा संसाधनों के संरक्षण की जिम्मेदारी केवल संस्थानों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। यदि सप्ताह में एक दिन भी लोग निजी वाहनों के बजाय पैदल, साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तो ईंधन की बड़ी बचत के साथ वायु प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि इस पहल से ईंधन खपत में कमी, ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन पर नियंत्रण, यातायात दबाव में कमी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही समाज में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति जन-जागरूकता भी बढ़ेगी।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया। कई कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों बाद उन्होंने स्थानीय आवागमन के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया, जो उनके लिए सुखद और यादगार अनुभव रहा।

अजय कुमार सिंह ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा केवल नीतियों तक सीमित न रहकर जन-आंदोलन का रूप लेना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यूजेवीएन लिमिटेड की यह पहल अन्य सरकारी और निजी संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा ‘मिशन लाइफ’ (Lifestyle for Environment) के तहत हरित और सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *