सौतेले भाई अमित ने सुपारी देकर कराई अजय बटेजा की हत्या

:-  एक साल बाद दून पुलिस के हत्थे चढ़ा पश्चिमी यूपी का कुख्यात शार्प शूटर जैकी उर्फ राजन

:- सौतेले भाई ने प्रॉपर्टी विवाद में रची साजिश, प्रेमिका के सहारे दिया वारदात को अंजाम

:- अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर जैकी उर्फ राजन गिरफ्तार, दो आरोपी अब भी फरार

देहरादून। करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन में हुई चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने ही भाई की हत्या की सुपारी दी थी। हत्या को अंजाम देने में आरोपी ने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया का सहारा लिया।

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना राजपुर और एसओजी टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट सहित करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की कृष्णा विहार, जाखन स्थित घर में हत्या कर दी गई है। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई। पुलिस को पता चला कि वारदात में सहारनपुर निवासी कुख्यात अपराधी राजन उर्फ जैकी शामिल है। इसके बाद पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए देहरादून लाई। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक अजय बटेजा के पास देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियां थीं। उसका सौतेला भाई अमित बटेजा लंबे समय से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। इसी विवाद के चलते अमित ने आरोपी को अजय को रास्ते से हटाने के बदले जाखन स्थित प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा देने और नकुड़ गोलीकांड में उसका नाम बचाने का लालच दिया।

योजना के तहत 25 मई 2025 को आरोपी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ सहारनपुर में अमित बटेजा से मिला। वहां हत्या की साजिश रची गई। इसके बाद सभी लोग देहरादून पहुंचे और रात में अजय बटेजा के घर रुके। आरोपी ने अपनी प्रेमिका के जरिए अजय को काफी शराब पिलाई और देर रात तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। बाद में हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी सफल नहीं हो सका। पकड़े जाने के डर से वह घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकालकर ले गया।

वारदात के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

घटना के सफल खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये और एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस टीम

उ0नि0 पीडी भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर

उ0नि0 प्रवेश रावत

उ0नि0 अनित कुमार

कानि0 विशाल कुमार

एसओजी टीम

कानि0 विपिन कुमार

कानि0 अमित

कानि0 आशीष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *