चम्बा-आराकोट मार्ग पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी 6 यात्री सुरक्षित

:- तकनीकी दिक्कत की आशंका, सभी 6 यात्री सुरक्षित; पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

नई टिहरी। टिहरी जनपद के चम्बा-आराकोट मार्ग स्थित सत्यो-सकलाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के एक हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति तुरंत नियंत्रण में ले ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी दिक्कत आने की आशंका के चलते पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हालांकि, तकनीकी खराबी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने हेलीकॉप्टर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी का ही अनुसरण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *