बंगाल समेत 3 राज्यों में जीत पर भाजपा का जश्न, धामी बोले—गंगोत्री से गंगासागर तक ‘भगवामय’ माहौल

:- 2029 और 2032 में उत्तराखंड में जीत दोहराने का आह्वान, भट्ट ने बंगाल की जीत को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया समर्पित

देहरादून, 4 मई। बंगाल समेत तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। पारंपरिक रंग-गुलाल, आतिशबाजी और बंगाल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच ‘होली-दिवाली’ जैसा माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री धामी ने इस जीत को “गंगोत्री से गंगासागर तक देश को भगवामय करने वाली” बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि यह जीत 2029 के सेमीफाइनल और 2032 के फाइनल में उत्तराखंड में भी दोहराई जाएगी।

कार्यक्रम में बंगाल की प्रवासी महिलाओं ने पारंपरिक धुनुची नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे माहौल और उत्सवपूर्ण हो गया। कार्यकर्ताओं ने ‘झाल मुड़ी’ का स्वाद लेते हुए जीत का जश्न मनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में हैट्रिक, पांडिचेरी में लगातार दूसरी जीत और बंगाल में ऐतिहासिक सफलता यह साबित करती है कि “डबल इंजन सरकार” विकास, सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने विकास विरोधी और तुष्टिकरण की राजनीति को नकार दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विशेष रूप से बंगाल की जीत को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत उन कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है जिन्होंने वर्षों तक संगठन को मजबूत किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इसे “अभूतपूर्व क्षण” बताते हुए कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की और विश्वास जताया कि उत्तराखंड में भी भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास समेत कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जीत का उत्सव पूरे राज्य में तीन दिन तक गांव-गांव और घर-घर मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *