ग्रीनफील्ड हाईवे पर नियमों की धज्जियां, तीन युवकों की बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल—22 हजार का चालान

:- प्रतिबंध के बावजूद दौड़ी बाइक, बिना हेलमेट तीन सवार; अब तक 300 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई

देहरादून/बागपत: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (ग्रीनफील्ड हाईवे) पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। प्रतिबंध के बावजूद हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की।

यातायात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के अनुसार, वायरल वीडियो में एक बाइक पर बिना हेलमेट तीन युवक सवार होकर तेज गति से हाईवे पर दौड़ते नजर आए। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और बाइक स्वामी की पहचान दिल्ली के राजीव नगर, लिबासपुर निवासी गुलशमा के रूप में की।

पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत संबंधित वाहन का 22 हजार रुपये का चालान किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस ग्रीनफील्ड हाईवे पर दोपहिया, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर जैसे वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

एनएचएआई की एडवाइजरी के बावजूद लगातार नियम तोड़ने के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने अब तक इस मार्ग पर 300 से अधिक वाहनों के चालान किए हैं और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *