देहरादून, 02 मई 2026। जनपद में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने शनिवार को बाजार क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर पर कार्रवाई करते हुए कई अनियमितताओं का खुलासा किया।
औचक निरीक्षण के दौरान “हॉलीवुड स्पा सेंटर” में 5 महिलाएं बिना पुलिस सत्यापन के कार्य करती हुई पाई गईं। इस पर पुलिस ने सभी महिलाओं के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की। वहीं, बिना सत्यापन के कर्मचारियों को रखने पर स्पा सेंटर संचालिका के खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर को बंद करा दिया गया।
इतना ही नहीं, बिना सत्यापन के इन महिलाओं को अपने मकान में किराये पर रखने वाले भवन स्वामी के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, फड़-फेरी और अपार्टमेंट में कार्यरत व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सत्यापन अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
:::::::::हाइलाइटर:::::::
🔹 “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विकासनगर में बड़ी कार्रवाई
🔹 बिना सत्यापन काम कर रही 5 महिलाओं पर चालान
🔹 स्पा संचालिका व मकान मालिक पर भी पुलिस एक्ट में कार्रवाई
🔹 एसएसपी के निर्देश पर पूरे जिले में चल रहा सत्यापन अभियान