अब बस से स्कूल पहुंचेंगे रेस्क्यू किए गए बच्चे, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

:- आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर में 41 सीटर बस और नई डॉरमेट्री का उद्घाटन; 200 से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया


देहरादून, 30 अप्रैल 2026 : जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जनपद में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन और बच्चों के पुनर्वास की दिशा में चलाए जा रहे अभियान को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर, साधु राम इंटर कॉलेज, राजा रोड में पंजीकृत बच्चों के लिए अब स्कूल आना-जाना और आसान हो गया है। जिलाधिकारी ने 41-सीटर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे बच्चे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगे।

यह बस डीएमएफ फंड से उपलब्ध कराई गई है, जिसका उपयोग बच्चों के स्कूल आवागमन के साथ-साथ रेस्क्यू कार्यों में भी किया जाएगा। इससे पहले भी जिला प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान के लिए तीन वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने इंटेंसिव केयर सेंटर में रेस्क्यू किए गए कुल 369 बच्चों के शैक्षणिक पुनर्वास की समीक्षा की। अभियान के तहत अब तक 200 से अधिक बालक-बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर विभिन्न विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया है।

जिला प्रशासन ने चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की निगरानी और त्वरित रेस्क्यू के लिए 15 होमगार्ड जवानों की तैनाती भी की है, जिससे बाल भिक्षावृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर को बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां कंप्यूटर शिक्षा, खेलकूद, संगीत प्रशिक्षण, योग अभ्यास और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा रेस्क्यू के बाद बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष/सदस्य नमिता ममगाई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *